कट्टर ईमानदारों के अपने नेता ही कर रहे इनके भ्रष्टाचार को बेनकाब: हरविंदर सिंह संधू

अमृतसर, 27 मार्च 2026
केन्द्रीय विधानसभा के आम आदमी पार्टी के सर्किल प्रधान डाबर द्वारा मान सरकार की भ्रष्टता को सोशल मीडिया पर बेनकाब किए जाने के मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष हरविंदर सिंह संधू ने पत्रकारवार्ता के दौरान बातचीत करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी कट्टर ईमानदारों की नहीं, बल्कि भ्रष्टता से भरपूर बेईमानों की पार्टी है, जहाँ हर कोई पैसे देकर कोई भी पद खरीद सकता है। इस अवसर पर उनके साथ भाजपा के केन्द्रीय विधानसभा इंचार्ज डॉ. राम चावला भी उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता अपनी जेबें भरने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। इस आम आदमी पार्टी में हर कोई बिकता है, सिर्फ उसे खरीदने वाला चाहिए।
हरविंदर सिंह संधू ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से सर्किल प्रधान डाबर तथा बिचौलिए वरुण भगत ने आप के कई नेताओं का नाम उजागर करते हुए चेयरमैनी के लिए 50 लाख रुपए आम आदमी पार्टी के अमृतसर जिलाध्यक्ष व पनसप के चेयरमैन परमबीर बराड़ तक पहुंचाने का आरोप लगाया है, लेकिन फिर भी उसे चेयरमैनी नहीं मिली। आखिरकार इस सारे घटनाक्रम को लेकर सर्किल प्रधान डाबर तथा बिचौलिये वरुण भगत ने सोशल मीडिया के माध्यम से इस सारे मामले को जनता के सामने उजागर कर दिया।
हरविंदर सिंह संधू ने कहा कि यह पहला मामला नहीं है, जब आम आदमी पार्टी के नेता भ्रष्टाचार में लिप्त पाए गए हैं। इससे पहले मान सरकार के स्वास्थ्य मंत्री सिंगला पर भी भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे। आप के कथित नेता द्वारा मालवा इलाके में ट्रक यूनियन की प्रधानगी पद के लिए जमकर मारपीट की गई थी। इनके कुछ मंत्रियों व विधायकों की कथित ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई, लेकिन भगवंत मान ने उनके विरुद्ध कभी कोई कार्यवाही नहीं की। हाल ही में कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर द्वारा प्रताड़ित अमृतसर में तैनात डीएम गगनदीप रंधावा द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में भी भगवंत मान द्वारा कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई। जब भाजपा के प्रदेश नेतृत्व द्वारा दबाव बनाया गया तथा केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा सीबीआई जांच करने की माँग उनके पास आने पर सीबीआई जांच करने की बात सदन में कही गई तो भगवंत मान ने अपनी साख बचाने के लिए लालजीत भुल्लर से त्यागपत्र लेकर उसे मजबूरन गिरफ्तार करव दिया। हालाँकि मुख्यमंत्री भगवंत मान का यह इतिहास रहा है कि यह खुद ही अपने नेताओं को आरोप लगा कर पद से हटाते हैं और कुछ समय बाद ही उन्हें क्लीनचिट भी दे देते हैं।
हरविंदर सिंह संधू ने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेताओं को अपनी ही सरकार या उनके न्याय पर भरोसा नहीं है। इसलिए सर्किल प्रधान तथा बिचौलिये द्वारा सोशल मीडिया पर लगाए गए आरोपों की भी सीबीआई जांच होनी चाहिए, ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके।



