AmritsarBreaking NewsE-Paper‌Local NewsPolice News
Trending

भाजपा नेता सलिल कपूर ने मनोरंजन कालिया के घर ग्रेनेड हमले की कड़ी निंदा की, आप सरकार पर साधा निशाना

अमृतसर: (मोना ग्रोवर – रिंपी राजपूत )
भाजपा जिला महासचिव सलिल कपूर ने पूर्व कैबिनेट मंत्री, तीन बार के विधायक, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य श्री मनोरंजन कालिया के आवास पर हुए ग्रेनेड हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि जब से पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार सत्ता में आई है, राज्य की कानून-व्यवस्था चरमरा गई है।

सलिल कपूर ने याद दिलाया कि मई 2022 में पंजाब पुलिस के खुफिया मुख्यालय पर हमला, अप्रैल 2022 में पटियाला में काली माता मंदिर पर हमला, मई 2023 में स्वर्ण मंदिर के पास हुए सीरियल ब्लास्ट और हाल ही में 15 मार्च 2025 को खंडवाला (अमृतसर) में ठाकुर द्वारा मंदिर पर ग्रेनेड हमला — ये सभी घटनाएं आप सरकार की नाकामी को उजागर करती हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब पुलिस का ध्यान आम जनता की सुरक्षा पर नहीं, बल्कि दिल्ली के आम आदमी पार्टी नेताओं जैसे अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, संजय सिंह और अन्य को Z+ सुरक्षा देने में लगा हुआ है। साथ ही विपक्षी दलों की निगरानी में भी पुलिस व्यस्त है।

कपूर ने आश्चर्य जताया कि आतंकवाद से पंजाब को मुक्त कराने वाली बहादुर पुलिस आज अपने ही थानों और चौकियों की सुरक्षा नहीं कर पा रही है। उन्होंने अजनाला, मजीठा, इस्लामाबाद, अलीवाल, घनिया दा बांगर, गुरबख्श नगर, बख्शीवाल, वडाला और गुमटाला जैसी जगहों पर पुलिस ठिकानों पर हुए हमलों का जिक्र करते हुए सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।

सलिल कपूर ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि उन्हें अपनी असफलता स्वीकार करनी चाहिए।

इस मौके पर श्रुति विज, रिंपी राजपूत, मोना ग्रोवर, सोनिया माली, मीनू सहगल, मोनिका श्रीधर, सुधा शर्मा सहित पार्टी के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।

प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान का पुतला भी जलाया गया।

Kanwaljit Singh

Related Articles

Back to top button