भाजपा ने युद्ध के हालातों के चलते व्यापारियों व जनता से मिलकर जानी समस्याएं, हर संभव मदद का दिया भरोसा
अमृतसर, 10 मई 2025
भारत-पाकिस्तान में चल रहे छापामार युद्ध के चलते पैदा हुए हालातों के चलते व्यापारियों व आम जनता को दरपेश आ रही समस्याओं की जानने हेतु भाजपा जिलाध्यक्ष हरविंदर सिंह संधू के नेतृत्व में भाजपा पदाधिकारियों ने शास्त्री मार्किट, कटरा जैमल सिंह, टाहली साहिब बाजार, कर्मो ड्योढ़ी चौक, प्रताप बाजार, गोइंका मार्किट, कैश धारा बाजार आदि में पहुँच कर व्यापारियों व आम जनता से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी, वहीं उन्हें प्रशासन के साथ सहयोग करने व सरकार द्वारा जारी हिदायतों के पूर्ण रूप से पालन करने का आह्वान किया। इस अवसर पर पूर्व सांसद व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्वेत मलिक विशेष रूप से उपस्थित हुए। उनके साथ इस अवसर पर उत्तरी विधानसभा इंचार्ज सुखमिंदर सिंह पिंटू, केन्द्रीय विधानसभा इंचार्ज डॉ. राम चावला, पश्चिमी विधानसभा इंचार्ज कुमार अमित, राकेश गिल, जिला महासचिव सलिल कपूर, जिला उपाध्यक्ष संजय शर्मा, मोहित महाजन, कोषाध्यक्ष पवन कुमार शर्मा, पार्षद गौरव गिल, गुरप्रताप सिंह टिक्का, जसपाल सिंह शंटू, सरबजीत सिंह शंटी, मनिंदर सिंह ठेकेदार, सिकंदर चौहान, राजीव शिंगारी, विक्की कपूर, मंडल अध्यक्ष रोमी चोपड़ा, सुधीर अरोड़ा, गौरव भाटिया, मोनू महाजन, गौरव सेठ आदि भी उपस्थित थे।
हरविंदर सिंह संधू ने इस पाकिस्तान द्वारा भारत के सीमावर्ती राज्यों में सीमा से सटे शहरों के गहन रिहायशी वाले इलाकों को निशाना बनाए जाने की कड़े शब्दों में घोर निंदा करते हुए कहा कि पाकिस्तान द्वारा रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया जाना पाकिस्तान की नीच व दुष्ट सोच का स्पष्ट प्रमाण है। जनता में दहशत का माहौल है और कुछ लोगों द्वारा दैनिक जरूरतों के सामान को ऊँचें भाव में बेचने की शिकायतें भी मिल रही थीं। जिसकी जांच-पड़ताल की जा रही है। उन्होंने भाजपा की तरफ से व्यापारियों को आश्वासन दिया कि उनकी हर समस्या को सुलझाने के लिए भाजपा पदाधिकारी हमेशा उनके साथ खड़े हैं।
हरविंदर सिंह संधू ने कहा कि सरकार तथा जिला प्रशासन ने आम जनता की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रात के समय रात 08:00 बजे से लेकर सुबह 06:00 बजे तक पूर्ण ब्लैकआउट रखने तथा अपने घरों में रहने के आदेश जारी किए हुए हैं, लेकिन फिर भी कुछ लोग सरकार के प्रशासन के इन आदेशों को दरकिनार कर अपनी, अपने परिवार तथा पड़ोसियों की जान को खतरे में डाल रहे हैं। शराब के ठेके देर रात तक जगमाती लाइटों के साथ सरेआम खुले रखते हैं, जिस पर पुलिस या प्रशासन कोई कार्यवाही नहीं करता। यहाँ तक कि दुकानदार, होटल व रेस्तरां वाले ब्लैकआउट के बाद भी अपनी दुकानों के बाहर लगे बिजली के साइनबोर्ड भी बंद नहीं करते, जिससे खतरा और भी बढ़ जाता है। भाजपा पदाधिकारियों ने सभी को सरकार तथा प्रशासन द्वारा जारी की गई हिदायतों की सख्ती से पालना करने तथा अपने आस-पास के लोगों से भी करवाने का आह्वान किया। ताकि सभी की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि अगर जनता कोई समस्या पेश आती है तो वह भाजपा के प्रदेश स्तर से लेकर बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं से संपर्क कर सकते हैं। उनकी हर संभव मदद की जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का राष्ट्रीय नेतृत्व तथा प्रदेश नेतृत्व लगातार सीमान्त जिलों के हालातों पर नजर बनाए हुए हैं और पल-पल की जानकारी ले रहा है।
हरविंदर सिंह संधू ने भाजपा के सभी नेताओं तथा कार्यकर्ताओं को आह्वान किया कि वह अपने-अपने इलाके के बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं से निरंतर संपर्क में रहें तथा कार्यकर्त्ता भी अपने इलाकों में रहने वाले लोगों से निरंतर संपर्क रखें तथा किसी को भी कोई शकी व्यक्ति या वस्तु की जानकारी मिलती है तो वह उस संबंधी प्रशासनिक अधिकारीयों या भाजपा के अधिकारीयों को दे, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी को रोका जा सके।
